लातेहार। जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय की प्राचार्य ज्योति ज्योत्सना ने कहा कि उन पर विद्यालय के कतिपय शिक्षकों के द्वारा दवाब की राजनीति की जा रही है. उन्होने कहा कि विद्यालय के कुछ शिक्षक विद्यालय की छात्राओं को बरगला कर उनके खिलाफ इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होने कहा कि यह सब राजनीति प्राचार्य की कुर्सी हथियाने के लिए की जा रही है. बता दें कि पिछले गुरूवार को विद्यालय की कई छात्रायें समाहरणालय पहुंच कर उपायुक्त से विद्यालय की प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाये गये थे. छात्राओं का आरोप था कि विद्यालय में पढ़ाई नहीं होती है और मध्याह्न भोजन सही ढंग से नहीं दिया जाता है. विरोध करने पर उन्हें धमकी दी जाती है. प्राचार्य श्रीमती ज्योत्सना इसे ले कर शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष मे प्रेस के समक्ष अपना पक्ष रख रही थी. उन्होने शिक्षा विभाग के अन्य कई कर्मियों पर भी भयादोहन करने का आरोप लगाया और कहा कि उनके द्वारा उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है. इससे वह बहुत आहत है.
उन्होने कहा कि वे पिछले सात वर्षों इस विद्यालय में हैं और पिछले चार वर्षों से प्रभारी के रूप में है. लेकिन कभी किसी छात्रा ने शिकायत नहीं की. लेकिन पिछले कुछ दिनों से विद्यालय का माहौल बदल गया है. उनके खिलाफ छात्राओ को उकसा कर न सिर्फ विद्यालय के परिवेश को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है वरन छात्राओं का भविष्य भी बरबाद किया जा रहा है.
प्रेस वार्ता के दौरान प्राचार्य के कक्ष में घुसी छात्रायें
प्रेस वार्ता चल ही रही थी कि कुछ छात्रायें मोबाइल ले कर प्राचार्य के कमरे में चली आयी और वीडिओ बनाना शुरू कर दिया. बाद में छात्राओं ने प्राचार्य के कमरे के बाहर हंंगामा किया और प्रेस के प्रतिनिधियों को भी भला बुरा कहा. हंगामा होता देख कर कई छात्राओं के अभिभावक भी वहां पहुंच गये. उन्होने कहा कि उनके बच्चे यहां पिछले कई सालों से पढ़ रहे हैं लेकिन उन्होने कभी किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत नहीं की. एक अभिभावक ने बताया कि विद्यालय में पहले से काफी सुधार हुआ हैै.
क्या कहा डीइओ ने
इस संबंध में जब जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम साहू से दूरभाष पर संपर्क किया तो उन्होने कहा कि उन्हें विद्यालय में छात्राओं के द्वारा हंंगामा करने की जानकारी मिली है. उन्होने कहा कि जहां तक जानकारी है यह विद्यालय के अंदरूनी विवाद के कारण हो रहा है. प्रशासन मामले में पूरी नजर रखे हुए है. अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में जांच टीम जांच कर रही है. जांच रिर्पोट आने पर सार्वजनिक किया जायेगा.