सीआरपीएफ कैंप में अखंड पाठ के बाद हुई अरदास, लंगर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
लातेहार : गुरु नानक जयंती के अवसर पर मंगलवार को स्थानीय सिख समाज और सीआरपीएफ 11वीं बटालियन की ओर से प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सीआरपीएफ कैंप में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ प्रकाश पर्व मनाया गया। इस अवसर पर अखंड पाठ के बाद अरदास की गई। इसके बाद सामूहिक लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। लंगर पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर ग्रंथी सेवादार ग्रंथी सिंह और भाई सुखचैन सिंह ने गुरु नानक देव के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु गुरु नानक देव का जन्म कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुआ था। इसलिए इस दिन को सिख समुदाय प्रकाश पर्व के रूप में मनाता है। गुरु नानक देव ने समाज में भाईचारा, एकता और समानता का संदेश दिया तथा जातिवाद और भेदभाव को मिटाने की सीख दी। ग्रंथी सिंह ने गुरु नानक देव की बनारस यात्रा का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि एक बार काशी के पंडित ने उनसे पूछा कि वेद-शास्त्रों का नियमित अध्ययन करने के बावजूद मन से अहंकार क्यों नहीं जाता। इस पर गुरु नानक देव ने कहा था कि मन के अंदर मौजूद बुराइयों को त्याग दो, बस आपका अहंकार चला जाएगा। वेद-शास्त्रों के ज्ञान को जीवन में उतारने से ही मनुष्य का वास्तविक कल्याण संभव है। वहीं, प्रधान गुरमीत सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव ने ज्ञान और भक्ति के माध्यम से ईश्वर के करीब पहुंचने का मार्ग बताया। ईश्वर की शरण में जाने के लिए मनुष्य को सबसे पहले अहंकार का त्याग करना चाहिए। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम में कमांडेंट रवि कुमार, डिप्टी कमांडेंट राजीव रंजन प्रताप,रतिंद्र चरण मिश्रा, पिताबास पांडा,सूबेदार विश्वकर्मा, बिनोद प्रकाश मलान, गौरव मलान, घनश्याम दास, अनमोलजीत सिंह, गुरमीत सिंह, वीरेंद्र सिंह और मंदीप सिंह समेत कई लोग उपस्थित थे।