लातेहार। झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 एवं सरकार के द्वितीय वर्षगाँठ के अवसर पर आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय ‘खेलकूद प्रतियोगिता 2026’ के सफल संचालन के लिए खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखण्ड द्वारा तकनीकी पदाधिकारियों की समिति का गठन किया गया है. डे-बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केन्द्र, लातेहार के वॉलीबॉल प्रशिक्षक प्रवीण मिश्रा को वॉलीबॉल विधा का नोडल पदाधिकारी मनोनीत किया गया है. यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आगामी 26 एवं 27 नवंबर को इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार, राँची में आयोजित होगी. जिसके लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों व पदाधिकारियों को 25 नवम्बर के मध्याह्न 12:00 बजे तक निदेशालय में योगदान देना है. प्रवीण मिश्रा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी, लातेहार खेल समन्वयक लखेश्वर मंडल, झारखंड वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष पंकज तिवारी, कोषाध्यक्ष नीरज कुमार, आलोक कुमार सिंह, ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. सभी ने विश्वास जताया कि उनके दीर्घ अनुभव और खेल के प्रति समर्पण से राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का वॉलीबॉल आयोजन सुचारू, अनुशासित और सफल रूप से सम्पन्न होगा.