लातेहार
सीएम पहुंचे मंंगरा गांव, विधायक रामचंद्र सिंह के सुपुत्र के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुए


लातेहार। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ 25 नवंबर को लातेहार जिले के बरवाडीह स्थित मंगरा गांव पहुंचे. मुख्यमंत्री यहां मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचन्द्र सिंह के सुपुत्र विजय बहादुर सिंह के विवाह समारोह में सम्मिलित हुए. इस मांगलिक कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने विजय बहादुर एवं आयु० कुमारी महिमा (नवदंपती वर-वधू) को स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके नवजीवन की सुखद शुरूआत की मंगलकामना की. नवदंपती के जीवन में सुख, समृद्धि, प्रेम, सद्भाव और खुशहाली सदैव बनी रहे, इसकी कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी. मुख्यमंत्री ने विधायक तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों एवं सगे-संबंधियों से आत्मीय मुलाकात कर खुशी जाहिर की और परिवारजनों को भी इस मांगलिक कार्य के लिए शुभकामनाएं दी. स्थानीय आम नागरिकों का अभिवादन किया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को मंगरा गांव पहुंचने पर हैलिपैड पर स्थानीय प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर किया गया तथा स्वागत किया गया. उपायुक्त संदीप कुमार ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह व पुलिस अधीक्षक ने बुके भेंट कर स्वागत किया. मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त कुमूद सहाय, पलामू क्षेत्र के डीआईजी किशोर कौशल के अलावा उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद आदि समेंत पूरा सरकारी महकमा मौजूद था. 