बरवाडीह (लातेहार)। दुर्गा पूजा को लेकर बरवाडीह में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. शुक्रवार को बरवाडीह एसडीपीओ बीरेंद्र राम ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों से व्यवस्था की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. एसडीपीओ ने पूजा समितियों से पंडालों में शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की. उन्होंने पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और रात्रि के समय विशेष सतर्कता बरतने को लेकर भी समिति के सदस्यों को निर्देशित किया. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचते हैं. ऐसे में पूजा समितियों की भी जिम्मेदारी बढ़ जाती है. पुलिस प्रशासन और पूजा समितियां आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके. एसडीपीओ ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को भी पूजा के दौरान लगातार गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की.