लातेहार। बनवारी साहू महाविद्यालय के चयनित छात्रों ने झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप के तहत सदर प्रखंड के धनकारा पंचायत भवन में ग्राम धनकारा एवं नावाडीह का फील्ड विजिट कार्यक्रम आयोजित किया. मौके पर बनवारी साहू महाविद्यालय की प्राध्यापिका इंचार्ज सह मेंटर इशरत बानो ने मुख्य अतिथि धनकारा की मुखिया ललिता देवी को अंग वस्त्र एवं पुष्प गुच्छ भेंट-स्वरूप प्रदान कर सम्मानित किया. मौके पर टीम टू के टीम लीडर दिलकश तरन्नुम, नीलू कुमारी, रसीना खातून, कल्पना कुमारी का मुखिया एवं ग्राम वासियों से परिचय कराया. मेंटर इशरत बानो ने कहा कि इस कार्यक्रम का उदेश्य युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ ग्रामीण समस्याओं और उनके पारंपरिक समाधानों का प्रत्यक्ष (फील्ड) अनुभव प्रदान करना है. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में छिपे स्थानीय इनोवेटर्स (नवाचारियों) और स्वदेशी तकनीकों की पहचान कर उन्हें दस्तावेज़ के रूप में संकलित करना है. कार्यक्रम में छात्रों ने सही एवं सफलतापूर्वक इनोवेशन करने का शपथ लिया.नवाचार की उड़ान, झारखंड की शान स्लोगन के साथ ग्राम भ्रमण किया गया. इस अवसर पर मुखिया ललिता देवी ने अपने विचार व्यक्त किए और छात्रों के पूर्ण सहयोग करने का वचन दिया. इस मौके पर सैफ अली, जुबेर आलम हिना नाज तथा तमाम ग्रामीण उपस्थित थे.