लातेहार। सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ, लातेहार में बुधवार को विद्यालय के शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग के छात्र और छात्राओं के बीच “पर्यावरण संरक्षण” विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में तीनों वर्गों के कुल 38 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिता के परिणाम में शिशु वर्ग में गुंजन कुमारी ने प्रथम, दर्शिका कुमारी ने द्वितीय तथा अर्थ कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. बाल वर्ग में राजलक्ष्मी ने प्रथम, पृथ्वीराज ने द्वितीय तथा पूर्णिमा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं किशोर वर्ग में नीति कुमारी प्रथम, भूमिका कुमारी द्वितीय तथा सौम्या कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता के संरक्षक आचार्य विकास कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस अवसर पर प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि पेंटिंग प्रतियोगिता पर्यावरण के प्रति प्रेम, स्नेह और सम्मान व्यक्त करने का एक प्रभावी माध्यम है. ऐसी रचनात्मक गतिविधियों से भैया-बहनों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा उसके संरक्षण की भावना विकसित होती है. प्रतियोगिता के दौरान छात्र और छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रस्तुत किया.