लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला समाज कल्याण शाखा , जिला बाल कल्याण इकाई एवं जिला बाल संरक्षण इकाई से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई. बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक के दौरान उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से आच्छादित करने पर विशेष बल दिया.जिला बाल कल्याण इकाई एवं जिला बाल संरक्षण की समीक्षा के दौरान जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने माह अप्रैल में जिले में पंजीकृत बाल संरक्षण से संबंधित मामलों की जानकारी देते हुए बताया कि मई माह में कुल 28 मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें बाल श्रम, बाल विवाह के, अपहरण (किडनैप), गुमशुदा बच्चों, पॉक्सो एक्ट तथा सीसीएल का मामला शामिल है. बैठक में मिशन वात्सल्य व जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास, स्पॉन्सरशिप, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें ताकि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके. उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर भी बल दिया. जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत संरचना, भवन निर्माण कार्य , आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका का मानदेय एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए तथा सेविका एवं सहायिकाओं के मानदेय का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा रिक्त पदों को भरने हेतु आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह, पोषण अभियान तथा महिला एवं बाल विकास से संबंधित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में प्रभारी पदाधिकारी सामाजिक सुरक्षा कोषांग सह उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रीना कुमारी, बाल कल्याण समिति सदस्य, महिला पर्यवेक्षिका एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे.