लातेहार
बेटियों की जन्म से ले कर पढ़ाई और शादी तक में मदद करती है सरकार: अलका

लातेहार। जिला समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिले के गारू प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय में बाल विवाह रोकथाम एवं लिंग आधारित भेदभाव को समाप्त करने के उदेश्य से कार्यशाला सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अलका हेमब्रोम बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थीं. उन्होने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की जानकारी दी. श्रीमती हेमब्रोम बच्चियों के जन्म पर एक एक पौधा अवश्य लगाने की अपील की और इसे ले कर लोगों को शपथ भी दिलवायी.
आगे कहा कि सरकार द्वारा बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई तथा शादी तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है. बेटियों को बोझ समझना नहीं चाहिए. उनको भी समाज में रहने का अधिकार है. बेटी भी आगे हर क्षेत्र में अच्छा कर सकती है. मौके पर विभाग स्तर से चलाये जा रहे योजनाओं के वृहद प्रसार एवं जागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया. स्कूली छात्राओं के बीच विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी हेतु एक एक डायरी का वितरण किया गया.
बाल विवाह, बाल श्रम, शोषण के विरुद्ध तथा बाल मजदूरों, विशेष रूप से कमजोर वर्गों के बच्चों की सुरक्षा, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन के लिए भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करायी गयी. मौके पर अंचल अधिकारी दिनेश मिश्रा के अलावा विद्यालय के शिक्षक, स्थानीय जन प्रतिनिधि, जेएसएलपीएस के महिला समूह की महिलाएं व विद्यालय की छात्र व छात्राएं मौजूद थीं.




