लातेहार। नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह और उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने बुधवार को शहर के पानी टंकी मोड़ से पहाड़पुरी तक निर्माणाधीन पीसीसी सड़क योजना की जांच की. बता दें कि शुभम संवाद ने 12 फरवरी को इस सड़क निर्माण में अनियमितता बरतेे जाने की शिकायत प्रसारित की थी. इस पर संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने उक्त सड़क निर्माण योजना का निरीक्षण किया.
नगर पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने शुभम संवाद से बात करते हुए कहा कि यह सड़क बहुत ही महत्वपूर्ण है और पिछले काफी दिनों से इस सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी थी, इस कारण लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही थी. खास कर बरसात के दिनों में लोग काफी परेशान रहते थे. उन्होने इस सड़क निर्माण के लिए उपायुक्त सेे मुलाकात कर आग्रह भी किया था. उसके बाद इस सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ हो पाया है. उन्होने कहा कि सड़क निर्माण में अनियमितता बरते जाने की शिकायत मिली है. लोगो ने बताया कि ढलाई में दरार पड़ गयी है. उन्होने आरडब्ल्यूडी विभाग के कार्यपालक अभियंता को योजना की गुणवत्ता की जांच करने का निर्देश दिया है. उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने कहा कि योजनाओं में गुणवत्ता से किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जायेगा.