लातेहार
पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव निर्देश पर जिले में पुलिस और आम जनता के मध्य आपसी समन्वय और जागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. गुरुवार को जिले के गारू थाना क्षेत्र के कारवाई पंचायत के ग्राम चेरोडीह समेत अन्य कई गांवों में पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम चलाया. इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक में पुलिस ने साइबर ठगी की जानकारी लोगों को दी. उन्होंने किसी फेक मोबाइल कॉल के प्रलोभन में फंस कर अपने एटीएम का पिन नंबर आदि नहीं देने की अपील की. उन्होंने मोबाइल में आए किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की भी बात कही. कहा कि इससे मोबाइल हैक और बैंक खाता खाली हो सकता है. पुलिस अधिकारियों ने बाल विवाह, डायन-प्रथा के उन्मूलन, मानव तस्करी, बाल मजदूरी की भी जानकारी दी. उसके अलावा अवैध मादक पदार्थो की खेती-तस्करी नहीं करने और ऐसा करने वालों की सूचना देने की अपील की. पुलिस ने सूचक को मिलने वाली इनाम राशि तथा किसी आपातकालीन स्थिति में पुलिस को सूचना देने के लिए डायल 112 पर कॉल करने के सम्बन्ध में जागरूक किया. जागरूकता हेतू ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह पर पोस्टर चिपकाये गए और आम लोगों के बीच पोस्टर वितरण किया गया एवं ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले समस्याओं को लेकर बेझिझक थाना आने हेतू प्रेरित किया गया.



