लातेहार। मूलत: लातेहार जिला निवासी मनोज कुमार प्रेमी आज झारखंड में एक जाना पहचाना नाम हैं. गायन व गीत लेखन के क्षेत्र में मनोज आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. उनका रांची में खुद का रिकॉर्डिंग स्टूडिओ है. नाम है बेलकैंटो म्यूजिक. बेलकैंटो म्यूजिक, रांची द्वारा पुष्पम सिरिज यूट्यूब चैनल तथा बेल कैंटो म्यूजिक यूट्यूब चैनल पर रोजाना नये भजन तथा मधुर गीत प्रस्तुत किये जा रहे हैं. इसी क्रम में पिछले 13 जून को नवीन कृष्ण भजन कृष्ण कन्हैया बंशी बजैया रिलीज किया गया है. इस एलबम के गीतों को मनोज कुमार प्रेमी ने लिखा है. प्रेमी ने बताया कि यह भजन भगवान श्रीकृष्ण के प्रति समर्पित एक भावपूर्ण रचना है, जिसमें भक्त के हृदय की गहन श्रद्धा, प्रेम और विरह की अनुभूति को अत्यंत सरल एवं मधुर शब्दों में व्यक्त किया गया है. उन्होने बताया कि इस एलबम में भगवान श्रीकृष्ण से पुनः धरती पर अवतरित होने की प्रार्थना की गयी है. रचना में भक्त कान्हा को स्मरण करते हुए उनसे आग्रह करता है कि वे फिर से अपनी मधुर बांसुरी की तान से संसार को आनंदित करें, प्रेम और सद्भाव का संदेश दें तथा मानवता को धर्म और करुणा के मार्ग पर अग्रसर करें. फिर से धरा पर आओ जैसी पंक्तियाँ वर्तमान समय की सामाजिक परिस्थितियों को भी प्रतिबिंबित करती हैं, जहां प्रेम, नैतिकता और मानवीय मूल्यों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महसूस की जा रही है. गीतकार मनोज कुमार प्रेमी ने अपनी लेखनी के माध्यम से भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना को स्वर देने का प्रयास किया है. बेलकैंटो म्यूजिक, रांची द्वारा प्रस्तुत यह भजन एलबम व एआई तकनीक द्वारा सृजित, आधुनिक संगीत और पारंपरिक भक्ति भाव का सुंदर संगम है. मधुर गायन, मनोहारी संगीत संयोजन तथा भक्तिमय वातावरण इस प्रस्तुति को विशेष बनाते हैं. उन्होने कहा कि यह भजन न केवल कृष्ण भक्तों के लिए, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक संगीत में रुचि रखने वाले सभी श्रोताओं के लिए एक अनमोल भेंट सिद्ध होगा.