लातेहार। पड़ोसी पलामू जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. एक अनियंत्रित ट्रेलर ने अंचलाधिकारी के वाहन को सामने से टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में पलामू के नौडीहा अंचल अधिकारी संजय कुमार सिंह व पिपरा अंचल अधिकारी मनीष कुमार सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. उनका प्राथमिक इलाज कर रेफर कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार नौडीहा अंचल अधिकारी अपनी वाहन से मेदिनीनगर जा रहे थे. उनके साथ वाहन में पिपरा के अंचल अधिकारी भी थे. जैसे ही उनकी वाहन छतरपुर ओवरब्रिज के पास पहुंची, एक ट्रेलर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में अंचल अधिकारी के वाहन का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया.घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखायी.तीनों घायलों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया. यहां प्राथमिक इलाज कर उन्हें मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया. तीनों घायलों की हालत गंभीर है. इस दुर्घटना में अंचल अधिकारी के वाहन के परखच्चे उड़ गये. पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन उससे पहले ट्रेलर चालक वाहन समेंत फरार हो गया. बताया जाता है कि अधिक रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह घटना हुई है. पुलिस ट्रेलर चालक की धर पकड़ के लिए छापामारी कर रही है.