झारखंड
घटिया पीसीसी सड़क निर्माण पर भड़के वार्ड पार्षद, उपायुक्त से जांच और कार्रवाई की मांग
बिना सफाई व पानी पटवन के कार्य होने का आरोप


आवेदन में बताया गया है कि रांची-डालटनगंज मेन रोड पानी टंकी से चंदनडीह होते हुए संत जेवियर मिशन स्कूल होकर पहाड़पुरी तक बन रही पीसीसी सड़क में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है. आरोप है कि पुरानी पीसीसी सड़क की समुचित सफाई किए बिना ही सीमेंट-गिट्टी डालकर निर्माण कार्य किया जा रहा है. वार्ड पार्षद ने यह भी कहा है कि निर्माण स्थल पर पानी का छिड़काव और पटवन नहीं किया जा रहा, जिसके कारण सड़क ढलाई के तुरंत बाद ही दरारें पड़ने लगी हैं.
स्थानीय ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्य का विरोध जताते हुए संवेदक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. आवेदन में कहा गया है कि यदि इसी तरह निर्माण कार्य चलता रहा तो सड़क कुछ ही दिनों में जर्जर हो सकती है. वार्ड पार्षद इन्द्रदेव उरांव ने मामले की जांच कर दोषी संवेदक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. बता दें कि शिकायत मिलने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह व उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने भी निर्माणाधीन सड़क की जांच की थी और उन्होने कार्य में अनियमितता बरते जाने की बात कही थी.