लातेहार। वरीय अधिवक्ता सह श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के संरक्षक संजय कुमार रविवार को चटनाही स्थित औरंगा नदी तट पहुंचे. यहां उन्होने छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया और श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के सदस्यों से बात कही. मौके पर समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के द्वारा छठ व्रतियों को कई प्रकार की सुविधायें दी जा रही है. बाइपास चौक से राजहार एवं छठ घाट तक सड़क के दोनो ओर आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है. कई जगहों पर तोरण द्वार बनाये जा रहे हैं. उन्होने बताया कि औरंगा नदी मुख्य छठ घाट पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है. इसके अलावा अस्थायी स्नानागार भी बनाये जायेगें. मौके पर महामंत्री अनिल कुमार गुप्ता (पप्पू) व राजू यादव आदि मौजूद थे. वरीय अधिवक्ता ने समिति को हर संभव मदद करने की बात कही.
गंगा आरती होगी आकर्षण का केंद्र
अध्यक्ष सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी गंगा आरती की जायेगी. इसके लिए वाराणसी के पुरोहितों को आमंत्रित किया गया है. गंगा आरती के लिए विशाल मंच बनाया जायेगा. उन्होने बताया कि षष्ठी तिथि को संध्या में और सप्तमी तिथि को सुबह में गंगा आरती की जायेगी. श्री सिह ने बताया कि इसके अलावा भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित कर पुरोहित त्रिभुवन पांडेय के सानिध्य में पूजा की जायेगी. सप्तमी तिथि को प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा.
तीन करोड़ रूपये की लागत से बनाया जा रहा है सूर्य मंदिर
समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि औरंगा नदी छठ घाट पर सूर्य मंदिर का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसके निर्माण में समाज के हर तबके के लोगों का तन, मन व धन से सहयोग मिल रहा है. उन्होने बताया कि कोई सार्वजनिक निर्माण कार्य बिना सामुहिक सहयोग के पूरा नहीं हो पाता है. उन्होने मंदिर निर्माण में अधिक से अधिक आर्थिक सहयोग करने की अपील लोगों से की है.