उपायुक्त ने प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की प्रगति की समीक्षा की

लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडीए), झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी एवं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और लाभुकों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ सुचारू रूप से पहुँचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित किया जाए, विशेषकर स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए लाभुकों को समय पर सहायता प्रदान की जाए. बैठक में पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा के क्रम में संचालित योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा कर ससमय योजनाओं की पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एलपीजी गैस कनेक्शन वितरण की स्थिति, गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत खाद्यान्न वितरण की उपलब्धियों, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति, एवं पोषण अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना और पोषण सेवाओं की प्रगति, आयुष्मान कार्ड वितरण की स्थिति की समीक्षा कर निर्देशित किया गया कि लक्ष्यानुसार शत-प्रतिशत योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें, ताकि जनजातीय समुदायों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा सके एवं उनके समग्र विकास के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके. बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोजिनी तिर्की, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार व संबंधित कार्यपालक अभियंता, संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.



