लातेहार। श्रीरामचरित मानस नवाह्न परायण पाठ महायज्ञ समिति की एक बैठक में समिति के मुख्य संरक्षक सह राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम के आवासीय परिसर में बुधवार की देर शाम आयोजित की गयी. बैठक में 53 वें अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा की गयी. राज्यसभा सासंद ने कहा कि पिछले 52 सालो से यह आयोजन लातेहार में निर्विघ्न संपन्न होता आ रहा है और इस वर्ष भी इस आयोजन को भव्य रूप से आयोजित किया जायेगा. उन्होने बताया कि इस आयोजन में नगर वासियों का अभूतपूर्व सहयोग मिलता रहा है. उन्होने तन, मन व धन से इस आयोजन को सफल बनाने में अपना अमूल्य सहयोग करने की अपील नगर वासियों से की है. बैठक में बताया गया कि 10 अक्टूबर को मानस यज्ञ परिसर से कलश यात्रा निकाली जायेगी. जबकि 11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र की प्रथम तिथि को प्रात: सात बजे से पूजन प्रारंभ किया जायेगा और पूर्वाह्न 11 बजे 53 वें अधिवेशन का उदघाटन किया जायेगा. प्रतिदिन सुबह आठ बजे से गिरिडीह के पंडित अनिल जी भारद्वाज व उनकी मंडली के द्वारा संगीतमय परायण पाठ किया जायेगा. संध्या साढ़े छह बजे से आठ तक आरती व भजन तथा रात्रि आठ बजे से अखंड आदर्श रामलीला फाउंडेशन, अयोध्या के द्वारा रामलीला का मंचन किया जायेगा. 20 अक्टूबर को पूर्णाहुति हवन व महाप्रसाद का वितरण किया जायेगा और अपराह्न तीन बजे से प्रतिमाओं का विसर्जन व शोभा यात्रा निकाली जायेगी. इस आयोजन में भाग ले कर आयोजन को सफल बनाने की अपील महायज्ञ समिति के द्वारा की गयी है. बैठक में महामंत्री सुदामा प्रसाद गुप्ता, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार महलका, संतोष कुमार अग्रवाल, चंद्रप्रकाश उपाध्याय, सुनील कुमार शौंडिक, राजीव रंजन पांडेय, प्रभात कुमार, अनूप प्रसाद, मदन प्रसाद व दुर्गा प्रसाद आदि मौजूद थे.