latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
IMG-20260829-WA0019
झारखंडलातेहार

हजरत अंजान शाह दाता के उर्स पर सजी महफिल-ए-कव्वाली

चादर जुलूस, लंगरखानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धा व सौहार्द का अनोखा संगम

महुआडांड़ (लातेहार)।  महुआडांड़ प्रखंड के परहाटोली पंचायत अंतर्गत नगरप्रतापुर में हजरत अंजान शाह दाता के उर्स मुबारक के अवसर पर रविवार रात भव्य महफिल-ए-कव्वाली का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल पेश की। उर्स के अवसर पर शाम करीब चार बजे उर्स कमिटी के तत्वावधान में महुआडांड़ मुख्यालय से भव्य चादर जुलूस निकाला गया। अकीदतमंदों ने पूरे रास्ते दरूद-ओ-सलाम पढ़ते हुए मजार शरीफ पहुंचकर चादरपोशी की और अमन-चैन की दुआ मांगी। मजार परिसर में लंगरखानी का भी व्यापक इंतजाम किया गया था, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर अपनी आस्था प्रकट की। कव्वाली कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी विपिन कुमार दुबे, डीएसपी शिवपुजन बहेलिया, थाना प्रभारी मनोज कुमार एवं सैयद सबा कादरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच संचालन उर्स कमिटी के उपाध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने किया। अतिथियों को बैच लगाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उर्स कमिटी द्वारा मुंबई से आईं महिला कव्वाल शीबा परवीन एवं पुरुष कव्वाल नईम साबरी का माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। महफिल में मुंबई से आईं मशहूर महिला कव्वाल शीबा परवीन एवं पुरुष कव्वाल नईम साबरी ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। नईम साबरी ने नात-ए-पाक और सूफियाना कव्वालियों के साथ-साथ हिंदू-मुस्लिम, सिख-ईसाई एकता पर आधारित गजलें पेश कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कव्वाली का सिलसिला पूरी रात चलता रहा और श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान उत्साहित दर्शकों ने कलाकारों को इनाम देकर हौसला अफजाई भी की। उर्स कमिटी द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। आकर्षक मंच सज्जा, सुचारू वाहन पार्किंग, तथा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उर्स कमिटी के अध्यक्ष मोहम्मद मुस्तकीम, संरक्षक मो. इस्तेखार अहमद, भानु प्रसाद, आजाद अहमद, मो. मजहर खान, अजीत पाल कुजूर, नुरूल अंसारी, अजय प्रसाद, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अमिर सुहेल, परवेज आलम, इस्तियाक अहमद, मो. रिंकू, हयूम अंसारी, रामनरेश ठाकुर,नसीम अंसारी, मो. रानू खान, किशोर तिर्की, सीताराम प्रसाद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

 

 

 

 

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Related Articles

Back to top button