लातेहार। लातेहार प्रखंड सभागार में भारत जनगणना को लेकर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में कुल आठ बैच बनाए गए, जिनमें लगभग 400 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों में पर्यवेक्षक और प्रगणक दोनों शामिल रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी मकान सूचीकरण कार्य को सुव्यवस्थित, सटीक और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना था। प्रशिक्षकों ने बताया कि 16 मई से सभी प्रगणक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य प्रारंभ करेंगे, जो 14 जून तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक घर का विवरण डिजिटल माध्यम से मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए दर्ज किया जाएगा। जनगणना की यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है, जिससे आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी तथा कार्य में तेजी आएगी।प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक आशीष कुमार सिंह, धीरज कुमार, राहुल कुमार एवं शमी आलम ने विस्तार से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मोबाइल आधारित ऐप के उपयोग, डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया, व्यवहार कौशल तथा नागरिकों से संवाद के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही, यह भी बताया गया कि निर्धारित 34 प्रश्नों का सही और स्पष्ट उत्तर दर्ज करना अत्यंत आवश्यक है।प्रशिक्षकों ने आम नागरिकों से अपील की है कि जब प्रगणक आपके घर पहुंचे, तो उनके कार्य में पूरा सहयोग करें और सभी प्रश्नों का सही उत्तर दें। जनगणना के ये आंकड़े भविष्य की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं। अतः प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।