बरवाडीह (लातेहार)। स्थानीय बाजार की सड़कों पर इन दिनों लगातार जाम की समस्या देखने को मिल रही है. खासकर बस स्टैंड स्थित अंबेडकर चौक से लेकर आदर्श नगर मोड़ तक लगभग हर दिन वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बाजार क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थित वाहन पार्किंग के कारण स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है. स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों ने बताया कि कई बार बड़ी-बड़ी गाड़ियां सड़क किनारे या बीच सड़क पर खड़ी कर चालक कहीं चले जाते हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है. जाम लगने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. सुबह और शाम के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ जाती है. कई बार छोटे वाहन और बाइक सवार घंटों जाम में फंसे रहते हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में नियमित ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, सड़क पर अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई हो तथा बड़े वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके.