लातेहार। जिले के बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र के खुरा गांव में शिव मंदिर के समीप नदी के पास मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. मधुमक्खियों के डंक से दिनेश प्रसाद, वीरेंद्र प्रसाद, सुदेश्वर साव, रौशन गुप्ता और रितिक कुमार समेत कई लोग घायल हो गये. हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह घायलों को मधुमक्खियों के झुंड से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. यहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनुपमा एक्का, डॉ अमित कुमार सिंह समेत एएनएम, ड्रेसर और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों का इलाज शुरू किया. गंभीर रूप से घायल सुदेश्वर साव की हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर अस्पताल गये, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद और खुरा के ग्राम प्रधान सूरजमल प्रसाद अस्पताल पहुंचे और घायलों व परिजनों से घटना की जानकारी ली। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है. घटना शनिवार की है.