RPD RAHUL
WhatsApp Image 2026-05-23 at 11.18.23 AM
lps
RPD NEW NEW
latehar-tuiris
alisha 4 6
carnival 1
अपराधझारखंड

छोटे भाई ने बड़े भाई की टांगी से वार कर की हत्या, पत्नी और भतीजा गंभीर

महुआडांड़ (लातेहार)। थाना क्षेत्र के पोटमाडीह गांव में गुरुवार की शाम जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर टांगी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची मृतक की पत्नी और भतीजा भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम  पोटमाडीह निवासी कामिल बेक और उनके छोटे भाई पोलिकार्प बेक के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पोलिकार्प बेक ने टांगी से अपने बड़े भाई कामिल बेक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के दौरान जब कामिल बेक की पत्नी सलोमी बेक और भतीजा निलेश बेक उन्हें बचाने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कामिल बेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सलोमी बेक और निलेश बेक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक मामूली जमीन विवाद ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, जिसमें एक भाई की जान चली गई और दो अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!