WhatsApp Image 2026-06-18 at 10.50.18 AM
lps
RPD NEW NEW
latehar-tuiris
alisha 4 6
carnival 1
बरवाडीहलातेहारशिक्षा

डीआरएम ने प्रस्‍तावित केंद्रीय विद्यालय के लिए भवन व भूमि का लिया जायजा

बरवाडीह (लातेहार)। बरवाडीह रेल क्षेत्र में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिली. धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने बरवाडीह पहुंचकर रेलवे स्टेशन के समीप विद्यालय के लिए चयनित भूमि तथा अस्थायी रूप से विद्यालय संचालन के लिए प्रस्तावित रेलवे स्कूल भवन का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की स्थिति, कक्षाओं, कार्यालय, शौचालय, खेल मैदान सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित रेल अधिकारियों को विद्यालय संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आने देने के निर्देश दिए. उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय भवन में बिजली एवं पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए त्वरित कार्रवाई करने को कहा. डीआरएम ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं  स्थायी विद्यालय भवन के निर्माण की प्रक्रिया भी जारी है. डीआरएम के बरवाडीह आगमन पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) के शाखा सचिव सुनील सिंह ने अपनी टीम के साथ उनका बुके भेंटकर स्वागत किया. भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भी उनका स्वागत किया, जिसमें प्रमुख सुशीला देवी, उप प्रमुख बिरेंद्र जयसवाल, जिला उपाध्यक्ष ईश्वरी सिंह, सांसद प्रतिनिधि दीपक राज, पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार एवं विनय चंदेल शामिल थे. इसके अलावा जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर तथा विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह ने भी डीआरएम का स्वागत कर केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर अपनी अपेक्षाएं व्यक्त की. उल्लेखनीय है कि ईसीआरकेयू के शाखा सचिव सुनील सिंह वर्ष 2014 से बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए लगातार प्रयासरत हैं और विभिन्न स्तरों पर इस मांग को उठाते रहे हैं. वहीं चतरा के सांसद कालीचरण सिंह ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप भूमि से जुड़ी बाधाओं को दूर किया जा सका और अब विद्यालय स्थापना की प्रक्रिया तेज होती दिखाई दे रही है. निरीक्षण के दौरान रेल यूनियन के सरोज सिंह, ऋषि राज, संजय कुमार सहित कई रेल अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे. स्थानीय लोगों व रेल कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि वर्षों पुरानी मांग अब जल्द पूरी होगी और बरवाडीह के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था का लाभ मिलेगा.

Mayank Wishwkarma

संवाददाता, शुभम संवाद, बरवाडीह ( लातेहार)

Mayank Wishwkarma

संवाददाता, शुभम संवाद, बरवाडीह ( लातेहार)

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!