लातेहार। गुरूवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में कुल 47 अभ्यावेदनों की समीक्षा की गई. विचार विमर्श के बाद समिति सभी 47 से अभ्यावेदनों की अनुशंसा की गई. बैठक में सड़क दुर्घटना, वज्रपात से मानव एवं मवेशियों की मौत, डोभा, नदी, जलाशयों में डूबने से हुई मौत, सर्पदंश आदि से संबंधित आवेदनों पर विचार विमर्श किया गया. अंचल एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारियों के द्वारा आवेदनों के जाँच एवं सत्यापन के आधार पर प्राप्त प्रस्ताव को भुगतान के लिए स्वीकृति दी गई. उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने अंचल क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति का विस्तृत आकलन कर 15 दिनों के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने क्षति का आकलन करते समय प्रभावित क्षेत्रों एवं लोगों से संबंधित जानकारी का समुचित संकलन करने तथा प्रतिवेदन में आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से अंकित करने का निर्देश दिया. बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय प्रदीप कुमार अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.