लातेहार। झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू शनिवार को लातेहार परिसदन भवन पहुंचे. यहां कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष रब्बानी हुसैन एवं अंजुमन इस्लामिया के जिला अध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रदेश सचिव आफताब आलम ने उनका स्वागत किया. इस दौरान आफताब आलम ने जिले में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए छात्रावास (हॉस्टल) और अस्पताल की स्थापना की मांग रखी. मीडिया से बातचीत में आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू ने बताया कि उनके लातेहार दौरे का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक आयोग के अंतर्गत आने वाले सभी समुदायों के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझना और सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी लेना है.
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उनकी समस्याओं को चिन्हित कर जल्द ही जनसुनवाई आयोजित की जाएगी और मामलों का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा. श्री मथारू पलामू में आयोजित राज्य स्तरीय बौद्ध सम्मेलन में भाग लेने मेदिनीनगर जा रहे थे, इसी क्रम में वे लातेहार में रुके और यहां के सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों से मुलाकात कर क्षेत्र की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की. मौके पर अंजुमन इस्लामिया जिला अध्यक्ष आफताब आलम, कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी, विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, साजन कुमार, नगर मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र उरांव, अख्तर हुसैन, रब्बानी हुसैन, वाजिद अंसारी, पप्पू सरदार, सुनील प्रसाद, मनोज पासवान, हस्मत अंसारी, अफरोज सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.