लातेहार। टोरी रेल ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. चंदवा के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में राज्य सरकार की कथित लापरवाही के कारण टोरी आरओबी समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं. यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो परियोजना रद्द होने की आशंका है, जिसका खामियाजा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ेगा.
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि टोरी रेल ओवरब्रिज वर्षों से क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकता रहा है. इसके निर्माण से चंदवा और आसपास के लोगों को जाम, आवागमन की कठिनाइयों और दुर्घटनाओं के जोखिम से राहत मिलेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की उदासीनता के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है.उन्होंने बताया कि सांसद कालीचरण सिंह और विधायक प्रकाश राम इस परियोजना को बचाने और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. भाजपा हर स्तर पर इस मुद्दे को उठाती रहेगी ताकि क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित परियोजना को जल्द पूरा कराया जा सके. प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने सरकार से भूमि अधिग्रहण सहित सभी लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर आरओबी निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल विकास का नहीं, बल्कि आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष बंशी यादव व उपाध्यक्ष राकेश कुमार दुबे आदि मौजूद थे.