बरवाडीह (लातेहार)। मनिका विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने की दिशा में बुधवार को विधायक रामचंद्र सिंह ने बरवाडीह और छिपादोहर क्षेत्र में आठ महत्वपूर्ण योजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया. इन योजनाओं के तहत विभिन्न विद्यालयों में अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया जाएगा. वहीं, पुराने विद्यालय भवनों के जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाएगा. इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होने और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है. शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत छिपादोहर स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय परिसर से हुई. यहां विधायक रामचंद्र सिंह ने जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, मुखिया वेरोनिका कुजूर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच निर्माण कार्य की आधारशिला रखी. इसके बाद छिपादोहर हाईस्कूल परिसर में अतिरिक्त कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. वहीं, बरवाडीह राजकीयकृत उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरवाडीह हाईस्कूल, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय और राजकीय उच्च विद्यालय सेदुप में अतिरिक्त कमरों के निर्माण कार्य का सामूहिक शिलान्यास किया गया. इसके अलावा हेंदेहास स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण के साथ पुराने विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार कार्य की भी शुरुआत की गई.
शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार पहली प्राथमिकता : रामचंद्र सिंह
इस अवसर पर विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव होती है. ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है. इसी उद्देश्य से मनिका विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में कमरों की कमी दूर करने और पुराने भवनों को दुरुस्त करने से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा. शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भवनों के निर्माण के साथ अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो. वहीं विधायक ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए. निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. वहीं कार्यक्रम के दौरान मौके पर विधायक प्रतिनिधि प्रेम कुमार सिंह (पिंटू), यूथ कांग्रेस प्रदेश समन्वयक विजय बहादुर सिंह, जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, एसडीपीओ वीरेन्द्र राम, बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार, छिपादोहर थाना प्रभारी यकीन अंसारी, गुंजन सिंह, धर्मेंद्र चौधरी, राजू प्रसाद, अनिल सिंह, शिवानंद तिवारी (दिप्पू), अनिल सिंह, हेसामूल अंसारी, कमलेश सिंह, जयप्रकाश रजक, उमेश प्रसाद, निजाम अंसारी, श्रवण सिंह, कृष्णा प्रसाद, वेरोनिका कुजूर, नरेश सिंह, दिलीप सिंह, दीपक प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.