लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर 23 सितंबर को लातेहार जिले के विभिन्न थाना परिसरों में थाना दिवस का आयोजन किया गया. थाना दिवस के दौरान आम लोगों की भूमि संबंधी एवं अन्य समस्याओं को लेकर प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई की गई. आयोजन के दौरान भूमि संबंधी 03 तथा अन्य 06, कुल 09 मामले प्राप्त हुए. इनमें से 08 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया. मामलों के निष्पादन में संबंधित क्षेत्र के अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही. थाना दिवस के दौरान अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी ने प्राप्त आवेदनों की जांच करते हुए संबंधित पक्षों की बात सुनी और नियमानुसार मामलों का निष्पादन किया. अधिकारियों ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं समुचित समाधान सुनिश्चित करना है. साथ ही, लंबित मामलों के निष्पादन के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.