लातेहार। दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) का 79वां स्थापना दिवस डीवीसी तुबेद कोल माइंस, लातेहार में मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उप महाप्रबंधक (खनन) दीपक कुमार द्वारा डीवीसी ध्वज फहराकर किया गया. संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि डीवीसी पूर्वी भारत की एक प्रमुख विद्युत उत्पादक संस्था के रूप में निरंतर उभर रही है. उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कर्मचारी को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का सर्वोत्तम निर्वहन करना होगा. सभी के सामूहिक प्रयासों से डीवीसी नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा. दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) की स्थापना सात जुलाई 1948 को एक स्वायत्त निकाय के रूप में की गई थी. स्थापना का उद्देश्य दामोदर घाटी क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई सुविधाओं का विकास, विद्युत उत्पादन तथा झारखंड एवं पश्चिम बंगाल में विस्तृत अपने कमांड क्षेत्र के समग्र सामाजिक एवं आर्थिक विकास को सुनिश्चित करना था. वरिष्ठ प्रबंधक (खनन) एस डी सिंह ने कहा कि डीवीसी ने पिछले 79 वर्षों में जो उपलब्धियाँ हासिल की हैं, वे प्रत्येक कर्मचारी के लिए गर्व का विषय हैं. उन्होंने बताया कि डीवीसी तुबेद कोल माइंस ने छह मिलियन मीट्रिक टन कोयला उत्पादन का महत्वपूर्ण लक्ष्य प्राप्त किया है. यह पूरी टीम की कड़ी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम है. 79 वें स्थापना दिवस के अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डीवीसी की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाते हुए उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, सुरक्षित खनन, सतत विकास तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया.