बरवाडीह (लातेहार)। बरवाडीह परियोजना की आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने रविवार को पुराना ब्लॉक परिसर में एकत्र होकर संगठन की एकता बनाए रखने का संकल्प लिया. इस दौरान जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि पिछले सप्ताह कुछ सेविकाओं द्वारा संगठन के नाम पर एक अलग कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें बाहरी लोगों को भी पद दिया गया है. इसे संगठन की अधिकांश सेविका-सहायिकाओं ने अस्वीकार कर दिया है. प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं का संगठन केवल उनके हितों और अधिकारों के लिए बना है. ऐसे में किसी बाहरी व्यक्ति को संगठन में पद देने या हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं होना चाहिए. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व से गठित समिति ही पूर्ववत कार्य करती रहेगी तथा किसी समानांतर या बाहरी हस्तक्षेप वाली समिति को मान्यता नहीं दी जाएगी. सेविका-सहायिकाओं ने सभी सदस्यों से किसी के बहकावे में नहीं आने और संगठन की गरिमा एवं एकता बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती और सेविका-सहायिका बहनों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा करना है. प्रेस विज्ञप्ति के अंत में स्पष्ट किया गया कि संगठन केवल आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं का है तथा इसका नेतृत्व भी सेविका-सहायिकाएं ही करेंगी. वहीं मौके पर यशोदा देवी, कंचन कुमारी, रेणु देवी, निर्मला देवी, सुनीता देवी, रीतू कुमारी, सुनैना देवी, नैना देवी, मानती देवी, संध्या देवी, नीलम सिंह,शबाना प्रवीण, देवंती देवी समेत कई सेविका-सहायिकाएं मौजूद थीं.