बरवाडीह (लातेहार)। बरवाडीह थाना क्षेत्र के बेतला में सोमवार की देर शाम घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई. दोनों पक्षों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. मारपीट में एक पक्ष के आस मोहम्मद की पत्नी हसरूनी बीबी (55 वर्ष) तथा उनके पुत्र अजरूद्दीन अंसारी (26 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. दूसरे पक्ष के रहीम मियां के पुत्र रहीश अंसारी (50 वर्ष) को भी गंभीर चोटें आईं. परिजनों की मदद से तीनों घायलों को बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उनका इलाज शुरू किया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. अमित कुमार सिंह की देखरेख में ड्रेसर राजेश चंद्र (बब्लू) तथा एएनएम भावना कुमारी और प्रीति कुमारी ने प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकीय जांच में तीनों की स्थिति गंभीर पाए जाने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए डालटनगंज एमएमसीएच हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की है तथा विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मारपीट की शुरुआत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. प्रशासन ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.