लातेहार। आम नागरिकों की सुविधा तथा लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से बुधवार को लातेहार अंचल कार्यालय में विशेष शिविर का आयोजन किया गया. अंचल अधिकारी नंदकुमार राम ने बताया कि झारखंड सरकार कार्मिक, प्रशासनकि सुधार तथा राजभाषा विभाग के पत्रांक 4988 दिनांक 31 अगस्त 2026 से प्राप्त निर्देश के आलोक में इस शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में जाति, आय, स्थानीय निवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) प्रमाण पत्रों से संबंधित नए एवं लंबित आवेदनों का निष्पादन किया गया और पात्र आवेदकों के बीच प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया. अंचल अधिकारी ने बताया कि शिविर में कुल 76 आवेदनों की समीक्षा की गई. राजस्व उप निरीक्षक द्वारा सत्यापन के उपरांत 19 प्रमाण पत्रों का निष्पादन कर आवेदकों को उपलब्ध कराया गया. शिविर के दौरान नए आवेदन भी प्राप्त किए गए. नये आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. शिविरों के संचालन के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, लातेहार एवं महुआडांड़ को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. सभी अंचल अधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों में विशेष शिविर का प्रभावी संचालन करने एवं समय सीमा में प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया. इस अवसर पर अंचल निरीक्षक, अंचल कर्मी अमित कुमार, शोएब अख्तर, राजू राम, बहादुर सिंह सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे.