महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत अंबावाटोली पंचायत के रिगड़ीताड़ टोला निवासी 13 वर्षीय बालिका की सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रतिज्ञा कुमारी (13 वर्ष), पिता शिबू महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात प्रतिज्ञा कुमारी को सांप ने काट लिया था। सर्पदंश की जानकारी तत्काल परिजनों को नहीं हो सकी। इसके बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे बुखार हो गया। परिजन गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महुआडांड़ लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया। गुमला सदर अस्पताल में बच्ची का इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान चिकित्सकों को पता चला कि बच्ची को सांप ने काटा है। चिकित्सकों ने उसका उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। गुमला सदर अस्पताल में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बालिका की मौत के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है। वहीं घटना से ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है। परिजनों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतका के परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।
चार लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा : सीओ
इस संबंध में महुआडांड़ के अंचल अधिकारी संतोष बैठा ने बताया कि सर्पदंश से हुई मौत को घोषित आपदा के तहत मुआवजा देने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।