मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचने और आवश्यक होने पर निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से कराने की अपील
लातेहार। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम-2026 को ले कर पत्रकारों से वार्ता की. उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से प्रारूप मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अनिवार्य रूप से जांचने तथा आवश्यकतानुसार दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अपील की. उपायुक्त ने बताया कि 05 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है. मतदाता सूची मतदान केंद्रों, ईआरओ, एईआरओ कार्यालयों एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की वेबसाइट पर उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह प्रपत्र-6 के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों के साथ 04 सितम्बर तक आवेदन कर सकता है. एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि यदि किसी मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज है तो उसके लिए प्रपत्र-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है. इसी प्रकार मतदाता सूची में नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों में सुधार के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है. आवेदन BLO, ECINet Mobile App अथवा voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है. उपयुक्त ने बताया गया कि 08 और 09 अगस्त तथा 22-23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. मतदाता सूची से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. इसके अतिरिक्त 15 अगस्त को सभी पंचायत भवनों में ग्रामसभा आयोजित कर मतदाता सूची के संबंध में जनजागरूकता एवं सत्यापन का कार्य किया जाएगा. 25 अगस्त से 04 सितम्बर 2026 तक BLO द्वारा घर-घर जाकर Home to Roll Verification अभियान चलाया जाएगा. उपायुक्त ने कहा कि जिले में मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है. विशेष रूप से नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को इस अभियान से जोड़ने में सहयोग करें. मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, एवं विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे.