लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार ने जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के डेटटंगवा घाटी में 15 अगस्त की शाम हुई सड़क हादसे में मारे गये लोगों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट किया है. उन्होने कहा कि जिला प्रशासन उनके परिजनों की हर संभव मदद करेगा. उपायुक्त ने उक्त सड़क में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता जाहिर की. इस संबंध में उपायुक्त ने लोहरदगा उपायुक्त से पत्राचार कर कहा है कि चंदवा लुकुइया मोड़ -चापी- लोहरदगा मार्ग काफी संकीर्ण, घुमावदार व कई स्थानों पर खतरनाक ढलान एव चढ़ाई होने के कारण भारी वाहनों के परिचालन में काफी कठिनाई होती है. लोहरदगा से आने के क्रम में तीव्र ढलान पर कई बार भारी वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिस कारण भीषण सड़क हादसे होते रहते हैं, जिसमें कई लोगों की असामयिक मृत्यु हो रही है तथा कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे है. 15 अगस्त को उक्त मार्ग के डेढ़टंगवा घाटी में आटो एवं कंटेनर के बीच टक्कर में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. उपायुक्त ने कहा कि भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने एवं सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से चंदवा – लुकुइया मोड़ चापी लोहरदगा मार्ग पर भारी वाहनों के सुगम परिचालन होने तक वैकल्पिक मार्ग से परिचालन किया जाना आवश्यक प्रतीत होता है. उपायुक्त ने नियमानुसार चंदवा लुकुइया मोड़ चापी लोहरदगा मार्ग से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाते हुए वैकल्पिक मार्ग चंदवा- कुडू- लोहरदगा से परिचालन कराने का आग्रह किया.