लातेहार।32 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), लातेहार द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को किसानों के बीच कृषि उपकरण सामग्री एवं बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए छाता का वितरण किया गया. यह कार्यक्रम 32वीं वाहिनी मुख्यालय लातेहार के बी-समवाय क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन उच्च मुख्यालय से प्राप्त निर्देश के अनुपालन में किया गया. इस अवसर पर एसएसबी 32 वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेश सिंह अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार एवं गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार नागरिक कल्याण कार्यक्रम के माध्यम से नक्सल एवं अन्य प्रभावित क्षेत्रों के गरीब, जरूरतमंद और पिछड़े वर्ग के नागरिकों को आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जाता है.उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाता है। साथ ही ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में व्यावसायिक प्रशिक्षण, कौशल विकास कार्यक्रम, मानव एवं पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन तथा आवश्यक एवं उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक, स्थायी एवं समावेशी सुधार लाना है. कार्यक्रम में 32वीं वाहिनी के अन्य अधिकारियों के अलावा स्थानीय जन प्रतिनिधि मौजूद थे.