लातेहार। जिला मुख्यालय को तरवाडीह-नावागढ़ ग्राम से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पिछले दिनों हुई बारिश के कारण बह गयी है. इस कारण इस पथ पर आवागमन बाधित हो गया है. दुपहिया वाहनों का परिचालन किसी प्रकार हो रहा है, लेकिन चार पहिया वाले वाहनों का इस पथ से गुजरना प्रभावित हो गया है. इस कारण ग्रामीणों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बता दें कि प्रखंड और जिला मुख्यालय होने के कारण इन गांवों से प्रति दिन सैकड़ों लोग प्रखंड व जिला कार्यालय आते हैं. इसके अलावा ग्रामीणों का मुख्य बाजार भी रेलवे स्टेशन क्षेत्र और लातेहार है. सड़क क्षतिग्रस्त हो जाने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र व छात्राओं को हो रही है. इन गांवों तक जाने वाली स्कूल बस का आवागमन इस पथ नहीं हो पा रहा है. स्कूली बस वैकल्पिक मार्ग से छात्राओं का परिवहन कर रहे हैं. टेंपो से भी छात्रोंं का आवागमन होता है, जो प्रभावित हो गया है. प्रखंड उप प्रमुख राजकुमार प्रसाद व अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से इस सड़क को दुरूस्त कराने की मांग की है.