लातेहार। सावन माह की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर ग्राम मोंगर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. इस अवसर पर छठ घाट स्थित शिव मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया. कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया. कलश यात्रा शिव मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मोंगर नगर बस्ती का भ्रमण करते हुए औरंगा नदी तट पहुंची. वहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के बाद पवित्र जल कलश में भरा. इसके पश्चात श्रद्धालु कलश लेकर पुनः शिव मंदिर प्रांगण पहुंचे. धार्मिक यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं में सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. मौके पर मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि पिंटू कुमार रजक, शिव मंदिर के पुजारी राम कुमार सिंह, ईश्वर प्रसाद, संजय प्रसाद, आलोक कुमार अकेला, सहदेव राम, उमेश राम, जयविजय सिंह, रामजीत मेची एवं बुधन मेची सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित थे.