लातेहार। सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ, लातेहार में गुरुवार को छात्र व छात्राओं के बीच रक्षाबंधन उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में बहनों ने पारंपरिक रूप से भैया के माथे पर तिलक लगाकर, आरती उतारकर, मिष्ठान खिलाकर तथा रक्षासूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का उत्सव मनाया. इस अवसर पर भैया ने अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प लिया.रक्षाबंधन के इस पावन पर्व को विद्यालय में प्रकृति संरक्षण से भी जोड़ा गया. भैया-बहनों ने पेड़-पौधों को रक्षासूत्र बांधकर उनकी रक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया. विद्यालय परिसर में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कहा गया कि “प्रकृति की रक्षा में ही हमारी रक्षा है. इसके साथ ही विद्यालय के विभिन्न भौतिक संसाधनों पर भी रक्षासूत्र बांधकर उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया. विद्यालय की शिशु वाटिका में नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों के बीच रक्षाबंधन को लेकर विशेष उत्सुकता एवं उमंग देखने को मिली. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने अपने संदेश में कहा कि रक्षाबंधन का पर्व केवल भैया-बहनों के बीच प्रेम और सुरक्षा के संकल्प तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रकृति और पर्यावरण से भी जोड़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमें पेड़-पौधों, जल, प्रकृति, पृथ्वी, ईंधन और ऊर्जा की रक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए. यही रक्षाबंधन के संदेश को व्यापक और सार्थक बनाएगा. कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य ओंकार नाथ सहाय सहित अन्य आचार्य एवं दीदी आचार्य आदि मौजूद थे.