लातेहार: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश आज भाजपा के डीसी-एसपी कार्यालय घेराव कार्यक्रम में शामिल होने लातेहार पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने झारखंड सरकार पर युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड के छात्रों और युवाओं ने अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए मेहनत और उम्मीद के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की, लेकिन सरकार के कार्यकाल में नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं और घोटाले का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि नियुक्ति से जुड़े मामलों के तार सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों तक पहुंचते हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि सीबीआई जांच होने से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी और दोषियों पर कार्रवाई का रास्ता साफ होगा।
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
भाजपा नेता ने छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए सरकार को उनके खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। उनका कहना था कि भाजपा की मांगों में नियुक्ति मामलों की जांच के साथ छात्रों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को वापस लेना भी शामिल है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दीपक प्रकाश ने नियुक्ति विवाद को लेकर सरकार के जिम्मेदार मंत्रियों पर भी सवाल उठाए और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने दिल्ली में छात्र आंदोलन से जुड़े मामलों का उदाहरण देते हुए झारखंड सरकार पर अलग रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
भाजपा नेता ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य की जनता सरकार के कामकाज का हिसाब लेगी।
बोले- जांच करा दें, भाजपा की राजनीति बंद हो जाएगी
छात्र आंदोलन के नाम पर भाजपा द्वारा राजनीति करने के आरोप पर दीपक प्रकाश ने कहा कि यदि सरकार नियुक्ति मामलों की सीबीआई जांच करा देती है और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस ले लेती है, तो भाजपा की ओर से किया जा रहा आंदोलन अपने आप समाप्त हो जाएगा। उन्होंने सरकार से पूरे मामले में पारदर्शी जांच और कार्रवाई की मांग दोहराई। भाजपा के कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नियुक्ति प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, छात्र हितों और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान पूर्व मनिका विधायक हरिकृष्णा सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता राजधानी प्रसाद यादव, जिलाध्यक्ष बंशी यादव, छोटू राज, राजीव रंजन पाण्डेय, ध्रुव पाण्डेय सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।