महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ प्रखंड के अम्बावाटोली स्थित शहीद चौक में मंगलवार को करम मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया. समारोह में महुआडांड़ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. आदिवासी समाज की ओर से उनका पारंपरिक तरीके से पगड़ी पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया. इस अवसर पर थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने करम पर्व की शुभकामनाएं दीं. समारोह में धवईटोली, विश्रामपुर, सुग्गी, जरहाटोली, रामपुर, कुरो, चम्पा, रेंगाई, अम्बावाटोली, शाहपुर, कुरुंद, पुटरंगी, बोडाकोना, जोरी और अहीरपुरवा सहित विभिन्न गांवों से आदिवासी भाई-बहन शामिल हुए. विभिन्न गांवों की टीमों ने पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कृत किया गया. वहीं, करम पर्व के अवसर पर बहनों ने भाइयों की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर निर्जला उपवास रखा. गांव के पाहन द्वारा करम की डाली लाकर अखाड़ा परिसर में विधि-विधान के साथ स्थापित की गई. इसके बाद बहनों ने करम डाली की पूजा-अर्चना कर करमा-धरमा की कथा सुनी और पारंपरिक रूप से “आपन करम, भैया कर धरम” का उद्घोष किया. करम पर्व को लेकर पूरे प्रखंड के विभिन्न गांवों में उत्साह का माहौल रहा. नागपुरी गीतों के साथ मांदर की थाप पर युवक-युवतियों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया. लोगों ने अपने-अपने घरों में तरह-तरह के पारंपरिक पकवान बनाए. पूरे क्षेत्र में करम पर्व के दौरान आदिवासी संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे की झलक देखने को मिली. मौके पर उपप्रमुख अभय मिंज, पु अ नि राम कुमार सिंह, फादर दिलीप,फादर अमित मुखिया रेणु तिग्गा, अनिल मनोहर, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं आदिवासी समाज के लोग मौजूद थे. े