लातेहार।चुनाव आयोग की कथित मनमाने कार्यप्रणाली को ले कर झामुमो के द्वारा अगले 28 सितंबर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जायेगा. इस आशय की जानकारी झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शहादेव ने दी. श्री शाहदेव ने कहा कि चुनाव आयोग के कुछ निर्णयों को लेकर आयोग के ही अन्य चुनाव आयुक्तों ने 10 महीने में 14 बार लिखित आत्तियां दर्ज कराई थी. बावजूद उनकी आपत्त्यिों को दरकिनार कर और बगैर उनकी जानकारी व सहमति के देश में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चला कर करोड़ों पात्र मतदाताओं के नाम काटे गये. यह लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है. यह पूरी तरह से असंवैधानिक तथा अवैध कृत्य है. संगठन ने इसके विरोध में राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है. पुतला दहन कार्यक्रम के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाने की मांग राष्ट्रपति से की जायेगी. श्री शाहदेव ने जिले के सभी झामुमो पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से इस पुतला दहन कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.