लातेहार। दुर्गा पूजा के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था व विधि व्यवस्था संधारण हेतु उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में दुर्गा पूजा को शांति एवं सदभावपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा किया गया. इस दौरान उपायुक्त ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को दुर्गा पूजा पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु पूरी चौकसी बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक कर लें. सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यदि किसी शरारती तत्व द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की कोशिश की गई , तो उसके विरुद्ध कड़ी कारवाई की जाएगी. उन्होंने असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया. इसके अलावे सभी पूजा पंडाल समिति के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार का भड़काऊ या अश्लील गाने का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए. बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि आगामी त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है. सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाएगी. सोशल मीडिया पर किसी तरह का अफवाह फैलाया जाता है, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी. किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में सूचना देने के लिए जिले स्तर पर 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565–247981 पर अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 08987796308 पर कॉल कर सूचना को साझा किया जा सकता है. साईबर सेल के मोबाइल नंबर 6206159795 पर अथवा 112 पर कॉल कर सूचना साझा कर सकते हैं. आगे उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा मे डीजे पर पूर्णत: पाबंदी रहेगी. उन्होंने पूजा समितियों को अपना लाइसेंस का नवीनीकरण करा लेने की बात कही. आगे उन्होंने कहा कि विसर्जन निर्धारित रूट से ही की जायेगी. विसर्जन के दौरान बिजली सेवा बाधित रहेगी. बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी,उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आइटीडीए निदेशक सरोजनी ऐनी तिर्की, सिविल सर्जन राजमोहन खलखो,जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी दिेनेश कुमर, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन, मनिका विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, लातेहार विधायक पवन कुमार समेंत कई अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे.