लातेहार। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में सोमवार को लातेहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सह मनिका विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यालय के सामने टायर जलाकर विरोध जताया।
इस दौरान केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’, ‘वोट चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में’, ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद’ और ‘अमित शाह मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए।कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस के प्रदेश सचिव आफताब आलम, प्रदेश प्रवक्ता पंकज तिवारी और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित यादव ने संबोधित किया।
आफताब आलम ने निर्वाचन आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस प्रदेश सचिव आफताब आलम ने अपने संबोधन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को आपातकाल जैसी स्थिति में धकेला जा रहा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के चयन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार को वोटों की लूट के लिए बैठाया गया है। उन्होंने दावा किया कि देश के 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इसे उन्होंने लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
इस्तीफा होने तक जारी रहेगा विरोध: पंकज तिवारी
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता पंकज तिवारी ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उसे निकम्मी सरकार बताया।
वहीं, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता और देश के युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह की नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले निहत्थे लोगों के साथ मारपीट की जा रही है। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए घरों से बाहर निकलकर विरोध करने की अपील की।
अन्य नेताओं ने भी सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान दरोगी जी ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी। गुंजर उरांव ने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासी, मुस्लिम और वंचित वर्गों के लोगों को जानबूझकर परेशान कर रही है।
अनीता देवी ने कहा कि देश की महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और सड़क पर उतरकर भाजपा तथा उसकी नीतियों का विरोध कर रही हैं। वहीं, टिंकू जी ने कहा कि देशभर में लोग ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।
प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निर्वाचन आयोग से निष्पक्षता सुनिश्चित करने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में सुनील प्रसाद, अख्तर, ज्योति प्रकाश दुबे, मोती उरांव, रामजतन सिंह, संजय, इमरान अंसारी, दानिश, फूलचंद यादव, मनोज, राजीव, सुहेल, अरुण यादव, धनंजय यादव, रंजन, कुलदीप, सोनू, मुनीप, विनोद उरांव समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।