बालूमाथ (लातेहार)। शहर के मुख्य मार्ग पर कोयला लदे भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और नो एंट्री की व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर बालूमाथ की जनता एवं व्यवसायी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अंचल कार्यालय पहुंचकर बालूमाथ अंचल अधिकारी बालेश्वर राम से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने सात अक्टूबर 2026 को प्रखंड सभागार में आयोजित बैठक के बाद अब तक हुई कार्रवाई के संबंध में जानना चाहा. प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में कोयला लदे ट्रक और हाइवा के लगातार परिचालन से उत्पन्न धूल प्रदूषण, सड़क जाम तथा दुर्घटनाओं की आशंका पर फिर से चिंता जताई. सदस्यों ने कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही से आम नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. इन समस्याओं से निजात दिलाने के लिए बालूमाथ मुख्य मार्ग पर नो एंट्री की व्यवस्था लागू करना और कोयला परिवहन के लिए बाईपास सड़क का निर्माण कराना आवश्यक है. इस पर अंचलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन से वार्ता कर इस संबंध में लिखित पत्र के माध्यम से जवाब दिया जाएगा. मौके पर विधायक प्रतिनिधि रामदेव साव, मोनू गुप्ता, मो मंसूर, मो अतीक अंसारी, मो तौफीक, पंचायत समिति सदस्य पिंटू नायक, रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और व्यवसायी उपस्थित थे. प्रतिनिधिमंडल ने मांग पूरी होने तक इस मुद्दे पर प्रशासन से पहल करने की अपील की है.