बालूमाथ (लातेहार)। शहर में भारी वाहनों के लिए नो एंट्री लागू करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बालूमाथ में लंबे समय से नो एंट्री लागू करने की मांग की जा रही है. स्थानीय लोगों ने कई बार आवेदन देकर प्रशासन को समस्याओं से अवगत कराया है. हाल के दिनों में व्यवसायियों के द्वारा आंदोलन के तहत दुकानों को बंद रखने व सड़क पर उतर कर आंदोलन किया गया है. शंकर उरांव ने कहा कि जिला प्रशासन बार बार जनता की मांगों की अनदेखी कर रहा है. हाल ही में प्रखंड सभागार में एसडीओ दिनेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी नो एंट्री को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई. उन्होंने कहा कि केवल दो घंटे की नो एंट्री लागू करने की बात करना बालूमाथ की जनता को आश्वासन के नाम पर बहलाने जैसा है. उन्होंने व्यवसायियों से अपील की कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोड़ते हुए संचालन समिति बनाई जाए तथा जनसंपर्क अभियान चलाकर आंदोलन को व्यापक बनाया जाए. उन्होंने क्षेत्रीय एवं सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों से भी समर्थन की अपील की. शंकर उरांव ने बाईपास निर्माण में देरी की आशंका जताते हुए कहा कि केवल सर्वे का आश्वासन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा. उन्होंने प्रशासन से प्रभावी नो एंट्री व्यवस्था लागू करने और बाईपास निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई करने की मांग की.