लातेहार। हेमंत सोरेन सरकार 2.0 के प्रथम बजट सत्र का आगाज 24 फरवरी से हो गया है. विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को लातेहार विधायक प्रकाश राम ने जिले के बालुमाथ में उच्च शिक्षा हेतु सरकारी डिग्री कॉलेज खोलने की मांग को उठाया. विधायक ने कहा कि यहा के छात्र इंटर तक की पढ़ाई तो कर लेते हैं. लेकिन उन्हें उच्च शिक्षा के लिए भटकना पड़ता है. छात्र व छात्राओं मेदिनीनगर या रांची जैसे अन्य शहरो की ओर अपना रूख करना पड़ता है. कई छात्र व छात्रायें तो कॉलेज व संसाधन के अभाव में अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते हैं.
विज्ञापन
जमीन भी चिन्हित है और डीपीआर भी तैयार है
विधायक प्रकाश राम के सवाल पर सरकार द्वारा जवाब दिया गया कि बालूमाथ में सरकारी कॉलेज खोलने के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और इसका डीपीआर भी तैयार कर लिया गया है. कॉलेज भवन का निर्माण करीब 38 करोड़ 82 लाख रुपया से कराया जायेगा. डीपीआर को प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा गया है. बालूमाथ के तसबार में डिग्री कॉलेज के लिए पांच एकड़ जमीन चिन्हित किया गया है.
विज्ञापन
इस कार्यकाल में चालू होगा डिग्री कॉलेज: प्रकाश राम
विधायक प्रकाश राम ने कहा कि वे अपने इस कार्यकाल में बालुमाथ में डिग्री कॉलेज खुलवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होने बताया कि वे अपने पिछले कार्यकाल में (2014-19) में कॉलेज के लिए राशि निर्गत कराया था. लेकिन इस पर फिर कोई काम नहीं किया गया. उन्होने कहा कि इस कार्यकाल में कॉलेज निर्माण कार्य शुरू भी होगा और कॉलेज में पढ़ाई भी शुरू होगी. उन्होने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को अब उच्च शिक्षा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा.
विज्ञापन
हजारों छात्रो को उच्च शिक्षा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा
बता दें कि एकीकृत बालूमाथ प्रखंड की आबादी तकरीबन ढाई लाख से अधिक है. लेकिन डिग्री कॉलेज नहीं रहने के कारण प्रत्येक वर्ष हजारों छात्रों को बाहर जा कर उच्च शिक्षा ग्रहण करना पड़ता है. जबकि वैसे छात्र जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है वे बीच में ही अपनी पढ़ाई छोड़ देते हैं. सरकारी डिग्री कॉलेज बन जाने से हजारों छात्रों को इसका लाभ मिलेगा.