लातेहार। शहर के सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर ने संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है. विद्या विकास समिति, झारखंड एवं वनांचल शिक्षा समिति, झारखंड द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर धर्मपुर में आयोजित संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में लातेहार संकुल के विभिन्न विद्यालयों के 120 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. प्रतियोगिता शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग में आयोजित की गयी. तीनों वर्गों में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर धर्मपुर लातेहार ने ओवरआल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया. ओवरऑल द्वितीय स्थान सरस्वती विद्या मंदिर लातेहार (स्टेशन) एवं तृतीय स्थान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरियातू ने प्राप्त किया. इसके अलावा विज्ञान पत्र वाचन, कथा कथन एवं लोक नृत्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई. इन सभी में भी धर्मपुर लातेहार ने ही विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया. प्रतियोगिता का शुभारंभ लातेहार संकुल के संयोजक नरेंद्र पांडेय, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव राजीव रंजन पांडेय, विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी एवं बरियातू के प्रधानाचार्य जितेंद्र राम ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया. सभी ने मां सरस्वती की वंदना में सामूहिक रूप से भाग लिया. इसके बाद इंटरएक्टिव पैनल पर आठ अलग-अलग कक्षाओं में एक साथ विभिन्न वर्गों की प्रश्न मंच प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी. उक्त लोगों के अलावा समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सिविल सर्जन सदर अस्पताल लातेहार डॉ एसके सिंह, समिति सदस्य रविंद्र अग्रवाल, लातेहार स्टेशन विद्यालय के प्रधानाचार्य राजबल्लम शर्मा एवं शिक्षक शिक्षिकाओं ने सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया.