लातेहार। बारिश के दिनों मे सर्पदंश के मामले काफी बढ़ गये हैं. आये दिन जिले के किसी ने किसी इलाके से सर्पदंश से मौत की खबर सामने आ रही है. बुधवार की अहले सुबह भी सर्पदंश के शिकार एक 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. उसकी पहचान बालुमाथ थाना क्षेत्र के झाबर ग्राम निवासी करमा भुइयां के 12 वर्षीय बेटे रौशन कुमार के रूप में की गयी है. परिजनों के अनुसार रौशन बुधवार की तड़के सुबह तकरीबन तीन बजे शौच के लिए अपने घर के बाहर खुले खेत में गया था. लौटने के क्रम मे उसे एक जहरीले सांप ने डंस लिया. इसके बाद वह अचेत हो कर खेत में गिर गया. जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. घर के पीछे जाकर देखा तो रौशन बेहोशी हालत में पड़ा हुआ था. मुंह पर पानी छिड़कने के बाद रौशन को होश आया तो उसने बताया कि एक सांप ने उसे डस लिया है. इसके बाद परिजन उसे आनन फानन में बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. वहां से उसे लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. यहां इलाज के बाद उसने आईसीयू में दम तोड़ दिया. डॉक्टर ने कहा कि विलंब से आने के कारण रोशन की इलाज सही से नहीं हो पाय. रौशन की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.