लातेहार। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, लातेहार रेलवे स्टेशन (डूरुआ) के तत्वाधान में दुर्गा पूजा के 75वें महोत्सव के अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है. कथा का आयोजन 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन संध्या 8: 30 किया जाएगा. कार्यक्रम में वृंदावन, उत्तर प्रदेश से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक पंडित अनुराग कृष्ण शास्त्री जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का अमृतमयी प्रवचन सुनाएंगे. कथा का आयोजन सोमेश्वर शिव मंदिर, डूरुआ लातेहार में किया जाएगा. अध्यक्ष असीम कुमार बाग के अनुसार कथा प्रतिदिन रात्रि 8:30 बजे से कथा समाप्ति तक चलेगी. इस दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और जीवन मूल्यों से जुड़े प्रसंगों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा. आयोजन समिति ने लातेहार के श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा के अमृतमयी प्रवचन का लाभ लेने की अपील की है. कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति द्वारा तैयारियां पूरी की जा रही हैं.